



नवगछिया थाना क्षेत्र के धोबिनिया गांव में मंगलवार की संध्या करीब 4:30 बजे जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट और फायरिंग की घटना में एक व्यक्ति को गोली लगने से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा इलाजरत घायल व्यक्ति से पूछताछ कर महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई।

इस संबंध में घायल के पिता अरुण कुमार सिंह के फर्दबयान के आधार पर नवगछिया थाना कांड संख्या 339/25 दर्ज किया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 191(2), 191(3), 190, 126(2), 115(2), 109(1), 352 बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत दर्ज हुआ है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने एक विशेष जांच टीम गठित की। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कुछ ही घंटों में इस कांड में शामिल एक महिला अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
















