



नवगछिया के ढोलबज्जा बाजार में व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर भारी चिंता देखने को मिली। बाजार के एक व्यवसायी इरशाद फफक-फफक कर रो पड़े और एसडीपीओ से अपनी परेशानियों का हाल सुनाया। एसडीपीओ ओम प्रकाश ढोलबज्जा बाजार में व्यवसायियों से मिलकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे थे।

जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों कुख्यात छोटुआ यादव के नाम पर व्यवसायियों से पांच लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी। इस घटना के बाद व्यवसायियों ने बाजार बंद कर थाने का घेराव कर विरोध जताया था। मामले की गंभीरता और पुलिस कार्य में लापरवाही के चलते ढोलबज्जा के तत्कालीन थानाध्यक्ष को निलंबित कर नए थानाध्यक्ष निशांत को नियुक्त किया गया।
एसडीपीओ ओम प्रकाश ने व्यवसायियों से बातचीत करते हुए आश्वस्त किया कि अब उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सभी दुकानदार निडर होकर अपनी दुकानदारी करें और किसी भी कठिनाई की स्थिति में सीधे उनसे संपर्क करें। एसडीपीओ ने सभी दुकानदारों से उनका दूरभाष नंबर नोट कराया ताकि आवश्यकतानुसार तुरंत संपर्क किया जा सके।

ढोलबज्जा थाना परिसर में आयोजित जनप्रतिनिधि और पब्लिक मीटिंग में एसडीपीओ ने कहा कि बाजार में स्थाई पुलिस पिकेट की व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर और सिपाहियों की संख्या बढ़ा दी जाएगी। उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी कि इस मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें बक्शा नहीं जाएगा।
इस मौके पर सरपंच सुशांत कुमार, पंचायत समिति सदस्य शेखर यादव, राजकुमार उर्फ मुन्ना मंडल, अजय शाह, सुशील गुप्ता, बृजेश कुमार सहित कई स्थानीय प्रतिनिधि और नागरिक मौजूद थे। उन्होंने एसडीपीओ से व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया और प्रशासन की तत्परता को सराहा।













