



भागलपुर में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के जरिए 1.20 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई कार्रवाई में गिरोह के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार साइबर अपराध थाना में दर्ज कांड की तकनीकी जांच के दौरान खुलासा हुआ कि ठगी की राशि एक संगठित नेटवर्क के माध्यम से विदेशों में ट्रांसफर की जा रही थी। जांच में सामने आया कि आरोपी हरियाणा के फरीदाबाद में रहकर इस पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था, जिसके तार दुबई सहित कई विदेशी शहरों से जुड़े हुए थे।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में गठित विशेष टीम ने मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र अंतर्गत छिछुआडीह गांव में छापेमारी कर आरोपी मो. गुफरान को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि पीड़ितों से ठगी गई रकम को आरोपी अपने नेटवर्क के माध्यम से विदेश भेज देता था।
पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
















