



मतदान पदाधिकारियों को चुनाव संबंधी पुख्ता तैयारियों का दिया निर्देश
भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन- 2025 के अंतर्गत भागलपुर में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में चुनाव कराने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी भागलपुर डॉ नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत सहित सभी निर्वाची पदाधिकारियों द्वारा अपने अपने मतदान पदाधिकारियों को उनके मतदान कर्तव्यों के बारे में ब्रीफिंग की गई। इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय, तुलसीपुर में 152- बिहपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान कर्मियों को और इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय, नवगछिया में 153- गोपालपुर विधानसभा के सभी मतदान कर्मियों को जबकि महिला आईटीआई, भागलपुर में 157- सुल्तानगंज के मतदान पदाधिकारियों को तथा राजकीय पॉलीटेक्निक बरारी में 156- भागलपुर विधानसभा के मतदान कर्मियों को एवं 158- नाथनगर विधान सभा के लिए नियुक्त मतदान पदाधिकारियों को ब्रीफिंग की गई। ब्रीफिंग में बताया गया कि चुनाव सामग्री एवं ईवीएम प्राप्त करने के दौरान किन किन बातों को ध्यान में रखना होगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि बड़े वाहन पर दो तीन मतदान केंद्र के पोलिंग पार्टी को टैग किया गया है। जो आसपास या रास्ते में पड़ने वाले मतदान केंद्रों के कर्मी हैं। वे सभी एक साथ जाएंगे और मतदान के पश्चात एक साथ आना है। उन्होंने कहा कि इस बार वाहनों के लिए डीजल आपूर्ति की व्यवस्था डिस्पैच सेंटर पर ही कर दी गई है। इससे आपको पेट्रोल पंप के जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में पेट्रोल पंप पर ईंधन लेने हेतु वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। ऐसे में नई व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्र पर पहुंचते ही आपको वहां एक टीम मिलेगी, जो आपकी सहायता करेगी। मतदान केंद्रों पर साफ-सफाई कराई गई है। फिर भी यदि कोई कमी है तो वह टीम आपकी मदद करेगी। वहां पेयजल, शौचालय, बिजली आदि की पर्याप्त सुविधा है। उसी गांव की आशा एवं सेविका को वॉलेंटियर 1 एवं वॉलेंटियर 2 के रूप में रखा गया है। वॉलेंटियर 1 पर्दानशी मतदाता की पहचान करेगी। उन्होंने कहा कि वहां आपको रसोइया मिलेगा, जो आपके लिए चाय, नाश्ता, भोजन का प्रबंध करेगा। इसके लिए जिला स्तर पर दर का निर्धारण किया गया है। बूथ पर ही भोजन की सारी व्यवस्था की गई है। इसलिए आप बाहर कही भी चाय, नाश्ता या भोजन के लिए नहीं जाएंगे और न ही अपने किसी रिश्तेदार के यहां भोजन करेंगे। इससे शिकायत करने का अवसर प्राप्त हो जाता है। बूथ पर पहुंचते ही आपको बूथ के अंदर और बूथ के बाहर का आंकलन करते हुए इसकी तैयारी कर लेनी है। सबसे पहले यह देखना है कि किस कमरे में प्रवेश और निकास द्वार होगा। प्रवेश द्वार और निकास द्वार पर साइनेज लगा देना है। पोलिंग पार्टी के बैठने की व्यवस्था कर लेनी है, जो वेब कास्टिंग कैमरे में दिख सकें। वोटिंग कंपार्टमेंट कैमरे में नहीं दिखना चाहिए। इससे मतदाता की गोपनीयता भंग होती है। बूथ के बाहर सौ मीटर के दायरे में लाल झंडे का निशान लगा देना है और वहां भी साइनेज लगा देना है। मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में केवल मतदाता और निर्वाचन कर्तव्य पर नियुक्त पदाधिकारी पुलिस बल करनी है रहेंगे राजनीतिक दलों के बूथ 100 मीटर के बाहर रहेगा। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान विधि व्यवस्था संधारण हेतु मुकम्मल व्यवस्था की गई है। सभी मतदान केंद्र पर सीएपीएफ और पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। क्षेत्र में सेक्टर पदाधिकारी के अलावा जोनल दंडाधिकारी, सुपर जोनल दंडाधिकारी, एक्स्ट्रा जनरल दंडाधिकारी एवं वरीय दंडाधिकारी भी भ्रमणशील रहेंगे। इसके अतिरिक्त जिला नियंत्रण कक्ष संचालित रहेगा। 11 नवंबर को मतदान के दिन प्रातः 4 बजे से ही उठकर तैयारी प्रारंभ करनी है। पोलिंग एजेंट की उपस्थिति में 5:30 बजे मॉक पोल प्रारंभ कर देना है। यदि एक भी पोलिंग एजेंट उपस्थित नहीं होता है तो 5:45 बजे तक इंतजार करते हुए मॉक पोल प्रारंभ कर देना है।

इसके बाद सुबह 7 बजे से मतदान प्रारंभ कर देना है। बूथ पर महिला पुरुषों के लिए अलग अलग कतार लगाने की व्यवस्था कर लेना है। इसके लिए रस्सी या चूना से के कतार की मार्किंग कर लेना है। उन्होंने पीठासीन पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि पीआरओ एप पर प्रत्येक 2-2 घंटे पर मतदान प्रतिशत तथा महिला पुरुष की संख्या अपलोड करना है। यानी 7 बजे मतदान शुरू होने के 2 घंटे बाद 9 बजे, 11 बजे, 1 बजे, 3 बजे एवं 5 बजे मतदान प्रतिशत तथा पुरुष एवं महिला मतदाताओं की संख्या अपलोड करना है। इसके लिए 20 मिनट का समय दिया गया है। 20 मिनट का समय बीत जाने पर अपलोड नहीं होगा। इसलिए समय से मतों की संख्या और प्रतिशत अपलोड कर देना है। उन्होंने कहा कि संध्या 6 बजे मतदान समाप्त होने के उपरांत पोल्ड ईवीएम और संबंधित प्रपत्र बज्र गृह में जमा कराना है। वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने कहा कि शांतीपूर्ण वातावरण में चुनाव कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए मतदान केंद्र पर सुरक्षा बलों की मुकम्मल तैनाती की गई है, जिससे भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराया जा सके। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र के अलावा सशस्त्र पुलिस बल की टुकड़ियां भी क्षेत्र भ्रमण करती रहेंगी, घुड़सवार पुलिस दल की टुकड़ी में गस्ती करेगी और दियारा क्षेत्र में मोटर बोट से भी गस्ती की जाएगी। या जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तत्काल संबंधित स्थान पर पहुंच सके। ब्रीफिंग के दौरान संबंधित विधान सभा के निर्वाची पदाधिकारी सहित कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
















