5
(1)

ओवरटेक के चक्कर में दो बसों की आमने-सामने की हुई टक्कर,नवगछिया के खगड़ा के समीप घटी घटना

नवगछिया : शुक्रवार की सुबह करीब 10:45 बजे नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत विक्रमशिला पहुंच पथ परबत्ता थाना क्षेत्र के खगड़ा स्थित होटल वैभव के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रांची से अररिया जा रही समीर ट्रेवल्स की बस (नं. BR 11 PC 9065) और पूर्णिया से भागलपुर आ रही शोभा ट्रेवल्स की बस (नं. BR 39 SP 4329) आमने-सामने टकरा गई। इस दुर्घटना में दोनों बसों में सवार 50 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें से कुछ को हल्की चोटें आईं तो कुछ गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ गंभीर को मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया ।

घटना की जानकारी मिलते ही परबत्ता थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश घायल यात्री अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

ओवरटेक बना हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शी नवगछिया के हरनाथचक निवासी मल्होत्रा कुमार ने बताया कि शोभा ट्रेवल्स की बस तेज रफ्तार में ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही समीर ट्रेवल्स की बस से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बसों के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों की तत्परता से बची जानें

हादसे के बाद स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और इलाज के लिए भेजा। समीर ट्रेवल्स की बस में सवार अररिया जिला के मदनपुर निवासी उपेंद्र सिंह ने बताया कि वे लोग रांची से ट्रेन से भागलपुर पहुंचे थे और वहां से अररिया जाने के लिए बस पर सवार हुए थे। अचानक जोरदार टक्कर हुई और बस के अंदर अफरातफरी मच गई। कई यात्री सीट के नीचे बेहोश मिले।

थानाध्यक्ष का बयान
परबत्ता थाना प्रभारी शंभु कुमार ने बताया कि हादसे में लगभग डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। किसी भी यात्री को मायागंज रेफर नहीं किया गया है। पुलिस ने दोनों बसों को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

घायल यात्रियों की सूची

घायल यात्रियों में अररिया जिला के मदनपुर गमरीहा निवासी गोविंद सिंह की पत्नी ढोलती देवी, भोला सिंह की पत्नी नेहा देवी, शंभू सिंह की पत्नी करोना देवी, गोरखनाथ सिंह की पत्नी सीता देवी, धर्मचंद्र सिंह की पत्नी आशा देवी, दिनेश सिंह की पत्नी अनीता देवी, जयनाथ सिंह की पत्नी सुरंधा देवी, दयानंद सिंह की पत्नी मुन्नी देवी, केसर लाल मंडल की पत्नी रेखा देवी, देवनाथ सिंह की पत्नी विका देवी, सुहानी देवी, पिंकी देवी (पति अरुण सिंह), सुलेखा देवी (पति योगेंद्र सिंह), कविता देवी (पति रमानंद सिंह), गोमनी देवी (पति परमानंद सिंह), सरस्वती देवी (पति उमानाथ सिंह), उपेंद्र सिंह, कलसरी देवी (पति उपेंद्र सिंह), पार्वती देवी (पति रमेश सिंह) शामिल हैं।

वहीं दूसरी बस में सवार नवगछिया के मख्खातकिया निवासी रेणु खातून (पति मो. रज्जाक), अररिया जिला के फारबिसगंज निवासी रामेश्वर मंडल के पुत्र धनंजय मंडल, उनकी पत्नी धनमंत्री देवी, गोपालपुर थाना क्षेत्र के अभिया निवासी मुरली मनोहर की पुत्री भानु प्रिया, परबत्ता थाना क्षेत्र के गरैया गांव निवासी विनोद मंडल की पुत्री दुर्गी कुमारी, अररिया जिला के मदनपुर निवासी रीना देवी (पति मनोज कुमार सिंह), कटिहार से भागलपुर हॉस्टल लौट रही आदम सोरैन की पुत्री सोमेना सोरैन घायल हुई हैं।

सड़क पर रफ्तार की लापरवाही बनी दुर्घटना का कारण

यह हादसा एक बार फिर यह दर्शाता है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना कितना खतरनाक साबित हो सकता है। यदि समय रहते प्रशासन और स्थानीय लोग सक्रियता नहीं दिखाते, तो जनहानि की आशंका और भी अधिक हो सकती थी। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: