


भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय मसदी में परीक्षा के दौरान दो छात्रों के बीच हुए विवाद को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।
बताया जाता है कि विद्यालय खुलने के समय दो छात्र आपस में झगड़ पड़े थे। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका उर्मिला रानी ने बताया कि दोनों छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया और अन्य बच्चों की तरह उन्हें भी परीक्षा में शामिल कराया गया। इसी बीच दोनों छात्रों के अभिभावक ग्रामीणों के साथ विद्यालय पहुंच गए और हंगामा करने लगे। इस दौरान विद्यालय का मुख्य द्वार भी क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रधानाध्यापिका के अनुसार सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।
वहीं कुछ ग्रामीणों का कहना था कि विद्यालय के एक छात्र की बंद कमरे में शिक्षक द्वारा पिटाई किए जाने की सूचना पर आक्रोशित होकर वे विद्यालय पहुंचे थे। हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया।















