



भागलपुर: तिलकामांझी थाना क्षेत्र के जेल रोड स्थित सुमृत मंडल कॉम्प्लेक्स में एक दुकानदार की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सिकंदर यादव के रूप में हुई है। स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि कॉम्प्लेक्स के मालिक सुमित मंडल की मानसिक प्रताड़ना और लगातार बढ़ते किराए के दबाव के चलते सिकंदर यादव मानसिक रूप से बेहद परेशान थे, जिसकी वजह से उनकी तबीयत भी लंबे समय से खराब चल रही थी।

कॉम्प्लेक्स में वर्षों से दुकान चला रहे अन्य दुकानदारों ने बताया कि तय एग्रीमेंट के बावजूद मकान मालिक बार-बार किराया बढ़ाने का दबाव डालता था। किराया न बढ़ाने पर शटर में ताला जड़ देना या ताले में फेवीक्विक भर देना आम बात हो गई थी। दुकानदारों के अनुसार, सिकंदर यादव कई बार कह चुके थे कि वे मकान मालिक के दबाव से परेशान हैं और इससे उनका स्वास्थ्य भी प्रभावित हो रहा है।

करीब 30 वर्षों से इस कॉम्प्लेक्स में व्यापार कर रहे दुकानदारों ने सिकंदर यादव की मौत पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।













