



नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा अंतर्गत डुमरिया गांव में बुधवार को एक पागल कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया। कुत्ते ने गांव के लगभग दस लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिसमें महिलाएं, पुरुष और छोटे बच्चे भी शामिल हैं। अचानक हुए इस हमले से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने मिलकर कुत्ते को खदेड़ते हुए पीट-पीटकर मार डाला। घायल सभी लोगों ने गोपालपुर और रंगरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज करवाया। डॉक्टरों ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एंटी रेबीज़ वैक्सीन लगाया, ताकि संक्रमण का खतरा टाला जा सके।

बीते कुछ महीनों से रंगरा और गोपालपुर प्रखंड के कई गांवों में डॉग बाइट्स की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। एक माह पहले सधुआ, तीनटंगा और रंगरा सहित अन्य इलाकों में भी दर्जनों लोग पागल कुत्तों के हमले का शिकार हो चुके हैं। सधुआ गांव में ही करीब एक दर्जन लोगों को कुत्तों ने घायल कर दिया था।
इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रंगरा के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजन कुमार ने बताया कि हाल के महीनों में डॉग बाइट्स के मामले बढ़े हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और यदि किसी को कुत्ता काटे तो तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर एंटी रेबीज़ वैक्सीन जरूर लें।














