



भागलपुर में शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा की शुरुआत के साथ ही शहर के बाजारों में रौनक और भीड़भाड़ बढ़ गई है। श्रद्धालु और खरीदार बड़ी संख्या में बाजारों का रुख कर रहे हैं। लेकिन सड़क और फुटपाथ पर अवैध तरीके से दुकानें लगाने वाले फुटकर विक्रेताओं के कारण आम लोगों को आवाजाही में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

इसी समस्या को देखते हुए सोमवार को भागलपुर नगर निगम प्रशासन, यातायात पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान प्रशासन की ओर से माइकिंग कर दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि वे तुरंत सड़क और फुटपाथ से अपनी दुकानें व सामान हटा लें। चेतावनी दी गई कि अगर निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित दुकानदारों पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी और उन्हें दंड का भागी बनना पड़ेगा।

अभियान में कई थानों की पुलिस, नगर निगम अधिकारी और यातायात पुलिस बल मौजूद रहे। टीम ने दुकानदारों को समझाया कि सड़कें आम जनता की आवाजाही के लिए हैं। खासकर दुर्गा पूजा जैसे बड़े पर्व में, जब श्रद्धालु और खरीदारों की भीड़ सबसे अधिक होती है, तब सड़क और फुटपाथ बाधित करना उचित नहीं है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि कई दुकानदार अपनी दुकान से बाहर सामान फैला देते हैं, जिससे पैदल चलने वालों को परेशानी होती है। ऐसे दुकानदारों को भी कड़ी चेतावनी दी गई है। अधिकारियों का साफ कहना था कि अगर नियमों का पालन नहीं किया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम और यातायात पुलिस का यह कदम मुख्य रूप से दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और खरीदारों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए उठाया गया है। प्रशासन का मानना है कि व्यवस्था बनाए रखने से पूजा में आने वाले लोग सुरक्षित और सहज माहौल का अनुभव करेंगे।













