



भागलपुर में आगामी दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शहर में शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने की तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हृदय कांत ने शहर के प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने विभिन्न पूजा समिति के पदाधिकारियों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने समिति के सदस्यों से कहा कि प्रत्येक पूजा पंडाल में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि सभी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

एसएसपी हृदय कांत ने जानकारी दी कि दुर्गा पूजा के अवसर पर शहर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पंडालों में सादे लिवास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जो लगातार निगरानी बनाए रखेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि पूजा के दौरान संभावित भीड़भाड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर एक विशेष योजना तैयार की गई है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाना और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचना है।

एसएसपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन का प्रयास है कि सभी लोग दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मना सकें।













