



नवगछिया: स्थानीय गोपाल गौशाला परिसर में दुर्गा वाहिनी की एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें दर्जनों की संख्या में लड़कियों ने भाग लिया। इस बैठक का उद्देश्य अधिक से अधिक युवतियों को दुर्गा वाहिनी से जोड़कर उन्हें सामाजिक और धार्मिक रूप से जागरूक करना था।
बैठक का संयोजन दुर्गा वाहिनी की नगर संयोजिका शालिनी कश्यप द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित जिला सुरक्षा प्रमुख प्रिंस गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक हिंदू बहन को अपने धर्म और संस्कृति पर गर्व करना चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि दुर्गा वाहिनी से जुड़कर बहनें गौहत्या, लव जिहाद और धर्मांतरण जैसे मुद्दों पर समाज को जागरूक करने में भूमिका निभाएं।

प्रिंस गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में हिंदू लड़कियों को योजनाबद्ध तरीके से लव जिहाद का शिकार बनाया जा रहा है। ऐसे में जब लड़कियां दुर्गा वाहिनी जैसे संगठनों से जुड़ती हैं तो उन्हें अपने धर्म, परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों को समझने का अवसर मिलता है। इससे वे न केवल स्वयं सजग बनती हैं, बल्कि अपने समाज और परिवार को भी जागरूक कर पाती हैं। उन्होंने कहा कि यह हम सभी का संकल्प होना चाहिए कि अधिक से अधिक बहनों को इस संगठन से जोड़ें।
बैठक में जिला गौ रक्षा प्रमुख गुड्डू कुमार, नगर सह संयोजिका लक्की कुमारी, कल्पना कुमारी, साक्षी, पूजा, मीनाक्षी, सोनम सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थीं। सभी ने एकजुट होकर संगठन की मजबूती और सामाजिक जागरूकता के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में नवगछिया क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लड़कियों को संगठन से जोड़ा जा सके और उन्हें धर्म-संस्कृति के प्रति सजग बनाया जा सके।













