



नवगछिया : ईस्ट सेंट्रल रेलवे इम्प्लाइज यूनियन (ईसीआरईयू) सोनपुर मंडल के अंतर्गत नवगछिया शाखा की ब्रांच काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शाखा के कार्यकारी अध्यक्ष सचित कुमार सुमन ने की, जबकि संचालन शाखा सचिव शशिकांत कुमार द्वारा किया गया।

बैठक में रेल कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से पदोन्नति में हो रही देरी, रिक्त पदों पर बहाली, रनिंग एवं सेफ्टी स्टाफ की कार्य संबंधी परेशानियां, आवास की कमी तथा चिकित्सा सुविधाओं को लेकर कर्मचारियों की चिंताओं को प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों के सम्मान, अधिकार और सुरक्षा की रक्षा के लिए संगठन निरंतर संघर्षरत रहेगा।
बैठक के दौरान चार लेबर कोड, एनपीएस-यूपीएस व्यवस्था तथा रेलवे के निजीकरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चिंता व्यक्त की गई। पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर ईस्ट सेंट्रल रेलवे इम्प्लाइज यूनियन के मंडल मंत्री संदीप पासवान, मंडल अध्यक्ष झुन्नू कुमार, मंडल सहायक सचिव अजीत कुमार, मंडल कार्यकारी सदस्य संतोष कुमार, शाखा अध्यक्ष विभाग कुमार, शाखा संयुक्त सचिव शिवनाथ यादव सहित बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।















