0
(0)

भागलपुर। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बांका जिले के धोरैया थाना अंतर्गत फुंसियां क्षेत्र के चांदपुर गांव के समीप ईंट लदे एक ट्रक ने सीएनजी वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में परसा गांव निवासी मोहम्मद मुबारक मंसूरी, पिता सफीक मंसूरी, गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी स्थिति इतनी नाजुक थी कि डॉक्टरों को उनका दाहिना पैर काटना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहम्मद मुबारक मंसूरी पटना में मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे। वे पूनसियां रेलवे स्टेशन पर उतरे और वहां से परसा गांव जाने के लिए एक सीएनजी वाहन में सवार हुए। सीएनजी वाहन में उस समय चार से पांच यात्री मौजूद थे। इसी दौरान फुंसियां थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के पास तेज रफ्तार ईंट लदे ट्रक ने सीएनजी वाहन को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सीएनजी वाहन के परखच्चे उड़ गए और मोहम्मद मुबारक मंसूरी गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

घटना की सूचना फोन के माध्यम से परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिजन उन्हें लेकर धोरैया अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। फिलहाल मायागंज अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

परिजनों ने बताया कि मोहम्मद मुबारक मंसूरी अत्यंत गरीब परिवार से ताल्लुक रखते हैं और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। उनके पांच बेटियां और तीन बेटे हैं, सभी नाबालिग हैं, और परिवार में कमाने वाले वे एकमात्र सदस्य थे।

इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोग प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा एवं उचित सहायता देने की मांग कर रहे हैं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: