



भागलपुर जिले के रसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भोलसर गांव स्थित नंदकिशोर सिंह भगवती देवी बालिका उच्च विद्यालय में लगातार तीन बार चोरी की घटना ने न केवल स्कूल प्रबंधन को हैरान-परेशान कर दिया है, बल्कि पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने एफआईआर दर्ज होने के बावजूद बार-बार स्कूल को निशाना बनाकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी है।
पहली चोरी में चोरों ने स्कूल की दीवार में लगे वायरिंग बोर्ड को क्षतिग्रस्त करते हुए तांबे के तार चुरा लिए। घटना के बाद वरिष्ठ शिक्षक अनूप लाल सिंह ने रसलपुर थाना में लिखित शिकायत दी, लेकिन प्राथमिक सूचना रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की गई।

इसके ठीक अगले दिन चोरों ने दोबारा विद्यालय में धावा बोलते हुए साउंड बॉक्स, वेब कैमरा, सीपीयू, टेबल और पंखा चुरा लिया। प्रयोगशाला के सामानों को भी नुकसान पहुंचाया गया। इस बार भी अनूप लाल सिंह ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
तीसरी बार चोरों ने कंप्यूटर रूम को निशाना बनाया और 12 पीस कंप्यूटर सेट, सीपीयू, वेब कैमरा, साउंड बॉक्स सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। 23 जून को इस संबंध में एक और प्राथमिकी दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक न तो कोई सामान बरामद हुआ और न ही चोर की गिरफ्तारी हुई है।

विद्यालय में कक्षा 9वीं और 10वीं की पढ़ाई होती है, जहां 152 छात्राएं नामांकित हैं। चार स्मार्ट क्लास और कंप्यूटर रूम पूरी तरह खाली हो चुके हैं। यहां से सेनेटरी पैड मशीन भी चुरा ली गई है। कुल मिलाकर विद्यालय को लगभग सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
छात्राओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कंप्यूटर क्लास बंद होने से पढ़ाई बाधित हो रही है। उन्होंने पुलिस से अपील की है कि वह जल्द से जल्द चोरी हुए सामान को बरामद कराए।
विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक अनूप लाल सिंह ने कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता चिंता का विषय है। यह विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने बताया कि जब आईजी ने फोन किया, तब जाकर पुलिस हरकत में आई, लेकिन अब भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
प्रधानाध्यापक विकास प्रसाद सिंह ने बताया कि घटना को लेकर कुछ संदिग्धों को थाने लाया गया, जिनमें भोलसर के पंकज मंडल का नाम सामने आया। उसकी घड़ी स्कूल परिसर में मिली थी, लेकिन पुलिस ने कुछ ही देर में उसे छोड़ दिया और घड़ी को भी नहीं जब्त किया।
कहलगांव एसडीपीओ कल्याण आनंद ने बताया कि तीन चोरी की घटनाओं की जानकारी मिली है, जिनमें से दो पर एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल चोर की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।













