



भागलपुर। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में एकलव्य राज्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में वॉलीबॉल (बालक) खेल विधा के लिए नामांकन हेतु चयन ट्रायल आयोजित किया गया। यह चयन प्रक्रिया राज्य के विभिन्न जिलों में 21 जून से प्रारंभ की गई है।
शनिवार को भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड स्थित वॉलीबॉल कोर्ट पर बालक वर्ग का चयन ट्रायल आयोजित किया गया, जिसमें मुंगेर, खगड़िया, बेगूसराय, बांका, भागलपुर सहित कई जिलों के लगभग 60 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें से लगभग 30 खिलाड़ियों ने सभी मापदंडों को सफलतापूर्वक पूर्ण करते हुए चयन प्रक्रिया में स्थान प्राप्त किया।
इस ट्रायल में न्यूनतम 12 वर्ष तथा अधिकतम 14 वर्ष की आयु के प्रतिभागी, जो अधिकतम नवम वर्ग तक अध्ययनरत हैं, शामिल हो सकते हैं। चयनकर्ताओं के रूप में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा नियुक्त कुमार हीरा, शुभम कुमार, रोहित कुमार, अभिषेक केशव, अभिनव कुमार आदि उपस्थित थे। तकनीकी सहायक के रूप में आलोक कुमार और कुंदन कुमार मौजूद रहे।
चयन ट्रायल की प्रक्रिया जिला वॉलीबॉल संघ के अजय राय और नीलकमल राय, एथलेटिक संघ के मो. नसर आलम तथा जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुई। चयन के दौरान खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता की जांच के लिए बैटरी टेस्ट भी लिया गया।
इस चयन प्रक्रिया के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों में प्रारंभ किए जा रहे एकलव्य प्रशिक्षण केंद्रों में योग्य खिलाड़ियों का नामांकन किया जाएगा। नामांकन के समय खिलाड़ियों को अपने विद्यालय का परित्याग प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

प्रशिक्षण केंद्रों में चयनित खिलाड़ियों को निशुल्क पौष्टिक आहार, आधुनिक खेल उपकरण, खेल पोशाक, शिक्षण व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा एवं आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, उन्हें दक्ष प्रशिक्षकों द्वारा उच्च स्तरीय प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।
बिहार के विभिन्न जिलों में 21 जून से विभिन्न खेल विधाओं में चयन ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। भागलपुर में 23 एवं 24 जून को एथलेटिक्स (बालक-बालिका), 27 जून को बैडमिंटन (बालक-बालिका) का ट्रायल इनडोर बैडमिंटन हॉल में और 3 जुलाई को तीरंदाजी (बालक-बालिका) का चयन ट्रायल साहू उच्च विद्यालय, साहू परबत्ता में आयोजित किया जाएगा।
चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपने विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा अग्रसारित आवेदन पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो और आधार कार्ड के साथ प्रातः 9 बजे संबंधित चयन स्थल पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
इस अवसर पर जिला खेल कार्यालय से लिपिक सतीश चंद्र, मृणाल किशोर, कार्यपालक सहायक अमीर खान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।














