


भागलपुर : बिहार के किशनगंज, पटना सिटी और गया के न्यायालयों को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। इस गंभीर चेतावनी के मद्देनजर भागलपुर व्यवहार न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था को भी पूरी तरह से हाई अलर्ट पर रखा गया है।
भागलपुर व्यवहार न्यायालय परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। मुख्य प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं, जबकि हैंड मेटल डिटेक्टर से भी लोगों की तलाशी ली जा रही है। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही वकीलों, फरियादियों एवं आम नागरिकों को न्यायालय परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
कोर्ट परिसर के भीतर और आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को तुरंत रोका जा सके। न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले वाहनों की भी जांच की जा रही है।
वहीं, ईमेल के माध्यम से भेजी गई धमकी की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है। ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए तकनीकी स्तर पर जांच की जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। न्यायालय परिसर में कार्यरत अधिवक्ताओं और कर्मचारियों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है।













