



नवगछिया। फाल्गुनोत्सव के पावन अवसर पर हर वर्ष की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी श्री श्याम भक्त मंडल (रजि.) के तत्वावधान में भव्य धार्मिक आयोजन का सफल आयोजन किया गया। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से भरे इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्याम भक्तों की भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम की शुरुआत दिनांक 26 फरवरी 2026, गुरुवार को नवगछिया स्थित मारवाड़ी विवाह भवन रोड पर रवि सर्राफ के कार्यस्थल परिसर में श्री श्याम प्रभु खाटू नरेश की पावन ज्योत प्रज्वलित कर की गई। वैदिक मंत्रोच्चार एवं भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की।
इसके पश्चात 27 फरवरी 2026, शुक्रवार की सुबह लगभग 7:00 बजे मारवाड़ी विवाह भवन रोड, नवगछिया से श्री श्याम मंदिर, मंदारोजा (भागलपुर) तक भव्य श्री श्याम निशान शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में करीब 400 श्रद्धालु शामिल हुए, जिन्होंने पैदल यात्रा करते हुए पूरे मार्ग में बाबा श्याम के जयकारे लगाए। भजन-कीर्तन और धार्मिक उत्साह के बीच यात्रा श्रद्धामय वातावरण में आगे बढ़ती रही।

यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं की सेवा हेतु विशेष व्यवस्था की गई थी। तेतरी फूड प्लाजा पर श्याम दीवाने समूह द्वारा, वैभव होटल पर “बाबा का हुक्म” सेवा समिति द्वारा, परवत्ता में श्री अवधेश साहू द्वारा तथा भागलपुर में विक्रमशिला के समीप चाणक्य कॉलोनी में केंद्रीय यात्री सेवा संघ के तत्वावधान में श्री विष्णु खेतान के नेतृत्व में श्रद्धालुओं के लिए सेवा शिविर लगाए गए। इन शिविरों में शीतल जल, शरबत, लस्सी, फल, मेवा एवं फलाहारी प्रसाद सहित विभिन्न प्रकार की सेवाएं प्रदान की गईं।
पूरी यात्रा के दौरान भक्तों में गहरा उत्साह और आस्था देखने को मिली। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं धार्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में श्री श्याम भक्त मंडल के सदस्यों के साथ-साथ नगरवासियों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में रंग गया।















