



भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत गनगनिया पंचायत के फतेहपुर गांव में एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान फतेहपुर गांव निवासी सुभाष मांझी (उम्र 35 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुभाष मांझी फतेहपुर पुल के पास स्नान कर रहे थे, उसी दौरान पानी में डूबने से उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेजा गया।

पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को सौंपा गया, तब एम्बुलेंस चालक ने शव लाने के बदले परिजनों से जबरन 2700 रुपये वसूले। इससे आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजा की मांग को लेकर फतेहपुर पुल के पास मुख्य सड़क को जाम कर दिया।

मृतक की पत्नी दुलो देवी और पंचायत समिति सदस्य मोहम्मद मेराज ने बताया कि सुभाष मांझी की मौत सुबह स्नान के दौरान हुई थी। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर लौटे, लेकिन एम्बुलेंस चालक द्वारा जबरन पैसे लिए जाने के कारण लोगों में नाराजगी फैल गई और उसी के विरोध में सड़क जाम किया गया।
मौके पर गनगनिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रामजी मंडल पहुंचे और पीड़ित परिजनों को तत्काल सहायता स्वरूप तीन हजार रुपये दिए, जिसके बाद सड़क जाम हटाया गया।
इस बीच अंचलाधिकारी (सीओ) रवि कुमार और प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) संजीव कुमार से फोन पर संपर्क किया गया। दोनों अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया कि सरकार द्वारा आपदा राहत के तहत चार लाख रुपये की मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी।
घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद थे और प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सहायता की मांग कर रहे थे।













