



भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र अंतर्गत फोरलेन सड़क पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार पिकअप वैन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
घायल मजदूरों की पहचान पसाहीचक निवासी प्रेम दास (25) और कुश कुमार (25) के रूप में हुई है। दोनों मिर्ज़ाचौकी स्थित फोरलेन सड़क के ठेकेदार के पास दिवाली के बकाया भुगतान लेने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वैन ने नियंत्रण खोकर मोड़ काटते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सक डॉ. नीरज कुमार ने बताया कि दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है।

घायल प्रेम दास ने बताया कि वे दोनों फोरलेन निर्माण कार्य में मजदूरी करते हैं। दिवाली के मौके पर मेहनताना लेने जा रहे थे, तभी अचानक पिकअप वैन ने मोड़ काटकर उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को जब्त कर लिया है और आगे की जांच में जुटी है।















