5
(1)

नवगछिया से मधेपुरा के भटगामा को जोड़ने वाली फोर लेन सड़क पर इन दिनों बाइक सवारों की खतरनाक स्टंटबाजी चिंता का विषय बन गई है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने पुलिस की सक्रियता और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो कदवा गांव के पास का है, जहां तेज रफ्तार बाइक सवार युवक सड़क पर खतरनाक स्टंट करता नजर आ रहा है। इंस्टाग्राम आईडी “सन्नी राइडर वन” से पोस्ट किए गए वीडियो में युवक खुलेआम ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए बाइक को एक पहिये पर चलाता दिखाई दे रहा है। इस दौरान सड़क पर अन्य वाहन भी गुजर रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस फोर लेन सड़क पर पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, बावजूद इसके नियमित पुलिस गश्ती या सख्त कार्रवाई देखने को नहीं मिल रही है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश है और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कदवा गांव के आसपास नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाई जाए, स्पीड मॉनिटरिंग की व्यवस्था की जाए तथा स्टंटबाजी करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क पर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो यह फोर लेन सड़क युवाओं के लिए रोमांच का मैदान और आम जनता के लिए खतरा बन सकती है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: