



नवगछिया । नवगछिया पुलिस जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र के वीरबन्ना गांव के रहने वाले गुड्डू कुमार पर जानलेवा हमला किया गया। जानकारी के अनुसार, गुड्डू कुमार बुधवार की शाम खेत में काम खत्म करने के बाद गंगा घाट स्नान करने जा रहा था। इसी दौरान भमरपुर गांव के निवासी मुन्ना मंडल और उसके तीन भाइयों ने उसे रास्ते में रोक लिया और गंगा घाट जाने से मना किया।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने गुड्डू पर यह आरोप लगाया कि वह गंगा में उनके लगाए गए जाल से मछली पकड़ने जा रहा है। जब गुड्डू ने इसका विरोध करते हुए कहा कि वह केवल स्नान करने जा रहा है, तो चारों आरोपियों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।

मारपीट में गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही उसके पिता दिनेश महतो ने मौके पर पहुंचकर बेटे को इलाज के लिए भागलपुर मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद दिनेश महतो ने भवानीपुर थाना में अपने पुत्र पर हुए जानलेवा हमले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
















