



नवगछिया : देहरादून स्थित भारतीय वन्य जीव संस्थान के तत्वावधान में जलज परियोजना अंतर्गत जलज अमाला गोपालपुर की ओर से करारी टीनटंगा गंगा घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान घाट पर स्नान करने आए श्रद्धालुओं को जलीय जीवों की सुरक्षा और गंगा की स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।

स्वच्छता अभियान के दौरान जलज परियोजना के सहायक समन्वयक राहुल कुमार राज ने लोगों को जलज परियोजना के उद्देश्य और जलज अमाला के कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गंगा नदी में प्लास्टिक बोतलें, पॉलिथीन और पैकेजिंग सामग्री डालना जलीय जीवों के लिए गंभीर खतरा है। गंगा की स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। हमें यह संकल्प लेना होगा कि गंगा को गंदा नहीं करेंगे और उसे स्वच्छ एवं निर्मल बनाएंगे।

कार्यक्रम में श्रद्धालुओं से अपील की गई कि गंगा स्नान के दौरान साबुन, शैम्पू और डिटर्जेंट का उपयोग न करें। साथ ही दैनिक जीवन में प्लास्टिक का न्यूनतम या बिल्कुल भी उपयोग न करने पर जोर दिया गया।
इस अभियान में आपदा मित्र, गंगा प्रहरी और स्थानीय समुदाय के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अंत में सभी ने गंगा घाट को स्वच्छ रखने और जलीय जीवों को प्लास्टिक से बचाने का सामूहिक संकल्प लिया।














