5
(1)

फसलों को भारी नुकसान, कई क्षेत्रों में सड़क संपर्क बाधित

नवगछिया – गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत गोपालपुर प्रखंड में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। शुक्रवार को ब्रह्मोत्तर बांध के ऊपर से पानी बहने के कारण प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित अंचल कार्यालय परिसर में पानी प्रवेश करने लगा।

पानी के बढ़ते दबाव को देखते हुए अंचल कार्यालय के कर्मचारियों ने आरटीपीएस काउंटर, कंप्यूटर सहित अन्य जरूरी उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया। कार्यालय परिसर में जलजमाव के कारण सरकारी कामकाज भी प्रभावित होने लगा है।

बाढ़ का पानी सुकटिया बाजार, सैदपुर–तीनटंगा मार्ग, सैदपुर मंदिर क्षेत्र और गोपालपुर के राजपूत टोला तक फैल चुका है। राजपूत टोला के कलवट से पानी बहते हुए गंगा प्रसाद धार में जा रहा है, जिससे इलाके की स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है।

प्रभावित इलाकों में मकई, मिर्च आदि की फसलें बड़े पैमाने पर जलमग्न हो गई हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बढ़ते जलस्तर से नए-नए क्षेत्रों में भी पानी का फैलाव जारी है।

अंचल कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं। दो पंचायतों में नाव की व्यवस्था की गई है ताकि लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा सके।

प्रशासन की ओर से निगरानी तेज कर दी गई है और जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करें।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: