



नवगछिया के नारायणपुर भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवटोलिया काली मंदिर के सामने स्थित गंगा घाट पर रविवार को स्नान के दौरान गंगा में डूबी दो सगी बहनों का शव सोमवार की सुबह 22 घंटे बाद बरामद किया गया। एसडीआरएफ टीम ने दोनों शवों को गंगा नदी से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, नवटोलिया वार्ड संख्या-10 निवासी बीरेंद्र झा की पुत्री वर्षा कुमारी (17 वर्ष) और अंशिका कुमारी (8 वर्ष) अपनी मां रीना झा, नानी, सगी बहन रिया कुमारी (14 वर्ष) और मौसेरी बहन नीशू कुमारी (11 वर्ष) के साथ नवटोलिया काली मंदिर में पूजा के लिए गई थीं। पूजा से पहले सभी महिलाएं और बच्चियां गंगा नदी में स्नान करने लगीं।

सभी किनारे पर एक-दूसरे का हाथ पकड़कर नहा रही थीं, तभी तेज बहाव में वर्षा और अंशिका का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में बह गईं। उन्हें बचाने की कोशिश में मौसेरी बहन नीशू भी डूबने लगी, लेकिन गांव के लोगों ने बांस के सहारे उसे बचा लिया। सगी बहन रिया डर के कारण पानी से बाहर निकल आई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने खोजबीन शुरू की, लेकिन रविवार को देर शाम तक शव नहीं मिल सके और टीम वापस लौट गई। सोमवार की सुबह करीब 8 बजे घटनास्थल से पूर्व की ओर भूमिहार टोला के समीप छोटी बहन अंशिका का शव मिला, जबकि करीब 10 बजे बड़ी बहन वर्षा का शव बरामद किया गया।
भवानीपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया। देर शाम गंगा घाट पर दोनों बहनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतकों के घर में कोहराम मच गया है। मां रीना झा, बहन रिया और अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं। मृतका वर्षा तीन बहनों में सबसे बड़ी थी और 11वीं कक्षा की छात्रा थी, जबकि अंशिका पहली कक्षा में पढ़ती थी। पिता बीरेंद्र झा बेंगलुरु में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही वे घर के लिए रवाना हो गए।
भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभु कुमार ने बताया कि दोनों बच्चियों का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रशासन की ओर से मृतकों के माता-पिता को सरकारी सहायता और मुआवजा प्रदान किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
गांव में इस दुखद घटना को लेकर शोक की लहर है और चारों ओर मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।














