


भागलपुर जिले के सबौर प्रखंड अंतर्गत रजंदीपुर वार्ड संख्या 7 में गंगा नदी में डूबने से एक 8 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। मृत बच्ची की पहचान सिकेन्द्र मंडल की पुत्री शिवानी कुमारी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृत बच्ची के पड़ोसी नंदकिशोर कुमार ने बताया कि बच्ची के माता-पिता नहीं हैं और वह अपनी बड़ी मां के साथ रहती थी। सोमवार को वह गंगा किनारे गई थी। घर में शौचालय नहीं होने के कारण वह घाट किनारे हाथ धोने के लिए गई थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गंगा नदी के गहरे पानी में गिरकर डूब गई।
घटना के समय वहां कोई तैराक मौजूद नहीं था। करीब 20 मिनट बाद स्थानीय लोगों की मदद से लगभग 17 फीट गहरे पानी से बच्ची को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। सूचना मिलने पर सबौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।















