



भागलपुर में वाहनों पर नाम या विशेष शब्द लिखवाकर चलने की बढ़ती प्रवृत्ति के खिलाफ अब विरोध का एक अनोखा तरीका सामने आया है। कार्मिक संघ से जुड़े लोगों ने इस पर आपत्ति जताते हुए प्रतीकात्मक अंदाज़ में अपना विरोध दर्ज कराया।

विरोध के तहत एक चार पहिया थार वाहन की नंबर प्लेट के ऊपर ‘रंगबाज’ लिखवाकर संदेश देने की कोशिश की गई। बताया जा रहा है कि उक्त वाहन का नंबर BR10 AP 7322 है।
यह विरोध प्रदर्शन कार्मिक संघ के अध्यक्ष प्रतीक झुनझुनवाला की अगुवाई में किया गया। संघ का कहना है कि सड़कों पर कई लोग अपने वाहनों पर नाम, पद या अन्य शब्द लिखवाकर घूमते हैं, जो मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के विरुद्ध है।

कार्मिक संघ के उपाध्यक्ष मनीष कुमार ने कहा कि जब तक अन्य लोग अपनी गाड़ियों पर लिखे नाम या शब्दों को स्वयं या प्रशासन के निर्देश पर नहीं हटाते, तब तक वे भी अपने वाहन से ‘रंगबाज’ लिखा हुआ शब्द नहीं हटाएंगे। उनका कहना है कि यह कदम नियमों के समान पालन और व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर उठाया गया प्रतीकात्मक विरोध है।
स्थानीय स्तर पर यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों के बीच वाहनों पर अनधिकृत लिखावट को लेकर बहस तेज हो गई है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है और मोटर वाहन नियमों के उल्लंघन पर कोई कार्रवाई करता है या नहीं।
















