0
(0)

भागलपुर जिले के घोघा थाना क्षेत्र में मिली सिरकटी लाश मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। 6 मार्च की सुबह दियारा क्षेत्र में एक व्यक्ति का सिर कटा हुआ शव कई टुकड़ों में पड़ा मिला था। सूचना के आधार पर घोघा थाना में अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी पुलिस अधीक्षक की निगरानी तथा कहलगांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त दो दबिया, एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं।

पुलिस जांच में मृतक की पहचान सनोखर थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद नाजिर के रूप में हुई है, जो महेंद्र मंडल के होटल में काम करता था। बताया जा रहा है कि किसी विवाद के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया था, लेकिन वह दोबारा काम पर रखने की बात कर रहा था। इसी बात को लेकर होटल में विवाद हो गया।

आरोप है कि होटल मालिक महेंद्र मंडल ने अपने बेटे और अन्य साथियों के साथ मिलकर होटल में ही नाजिर की हत्या कर दी। इसके बाद शव को मोटरसाइकिल से दियारा क्षेत्र स्थित एक पोखर के पास ले जाकर कई टुकड़ों में काट दिया तथा पहचान छिपाने के उद्देश्य से सिर को पोखर में छिपा दिया।

इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे की जानकारी सिटी पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने प्रेस वार्ता कर दी। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: