5
(1)

भागलपुर होकर चलने वाली कई नई ट्रेनों की घोषणाएं तो बार-बार हुईं, लेकिन अब तक न तो ट्रेन चली और न ही संचालन की तिथि तय हुई। वंदे भारत (पटना–देवघर होकर भागलपुर), नई दिल्ली सुपरफास्ट, अमृत भारत एक्सप्रेस और लखनऊ–बरौनी एक्सप्रेस जैसी योजनाएं आज भी सिर्फ प्रस्ताव के पन्नों तक ही सीमित हैं।

वंदे भारत (पटना–देवघर होकर भागलपुर): योजना बनी, पर कागजों तक सिमटी

भागलपुर और हावड़ा के बीच पहले से वंदे भारत का परिचालन जारी है। दिसंबर 2024 में घोषणा हुई थी कि एक और वंदे भारत ट्रेन पटना से देवघर तक चलाई जाएगी, जो भागलपुर होते हुए गुजरेगी। इसका उद्देश्य देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा सुविधा देना था। यह ट्रेन अजगैवीनाथ धाम स्टेशन पर 30 मिनट रुकती, ताकि यात्री गंगाजल भर सकें। फिर यह भागलपुर होते हुए देवघर जाती और तीन घंटे रुककर उसी दिन वापस लौटती।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने छह महीने पहले रेलवे व पर्यटन विभाग को प्रस्ताव भेजा था। लेकिन अब तक इसे स्वीकृति नहीं मिली है। योजना फिलहाल केवल दस्तावेजों में दर्ज है।

नई दिल्ली सुपरफास्ट: मंजूरी मिली, नंबर नहीं मिला
भागलपुर से दिल्ली (आनंद विहार) के लिए एक नई सुपरफास्ट ट्रेन की घोषणा करीब पांच महीने पहले हुई थी। रेलवे बोर्ड ने इस ट्रेन को मंजूरी भी दे दी थी, संभावित समय-सारणी और ठहराव की सूची भी बन चुकी है। यह ट्रेन विक्रमशिला एक्सप्रेस के विकल्प के रूप में मानी जा रही है, जिससे भागलपुर–साहिबगंज–किऊल रेलखंड के यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी। ट्रेन 1000 किलोमीटर की दूरी 16 घंटे में तय करेगी।

फिर भी अब तक ट्रेन को न तो नंबर मिला है और न ही संचालन की कोई तिथि घोषित की गई है।

बरौनी–लखनऊ एक्सप्रेस: प्रस्ताव पुराना, निर्णय अधूरा
बरौनी–लखनऊ एक्सप्रेस को भागलपुर तक विस्तारित करने का प्रस्ताव साढ़े तीन साल पहले ही भेजा गया था। मालदा मंडल ने इस प्रस्ताव के तहत यात्रियों की संख्या, संभावित आय और तकनीकी बिंदुओं पर विस्तृत रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को दी थी। झांसी और मालदा मंडलों के डीआरएम के बीच बैठक भी हुई थी, लेकिन आज तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

प्रस्ताव के अनुसार ट्रेन दोपहर 12:45 बजे भागलपुर पहुंचेगी और 3:45 बजे लखनऊ के लिए रवाना होगी। बावजूद इसके, ट्रेन संचालन शुरू नहीं हो सका है।

अमृत भारत एक्सप्रेस: घोषणा हुई, अमल नहीं
रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने नौ महीने पहले भागलपुर से दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने की घोषणा की थी। इसमें मॉड्यूलर शौचालय, आपातकालीन ब्रेक सिस्टम और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होनी थीं। अगस्त 2025 से इसके संचालन की बात कही गई थी, लेकिन रेलवे बोर्ड की ओर से अब तक कोई स्पष्ट निर्देश नहीं आया है।

रेलवे की स्थिति: बोर्ड की मंजूरी के इंतजार में सभी ट्रेनें
इस संबंध में मालदा डिवीजन के एडीआरएम शिव प्रसाद कुमार ने बताया कि वंदे भारत, लखनऊ–बरौनी और दिल्ली के लिए प्रस्तावित सुपरफास्ट ट्रेन को लेकर अभी तक रेलवे बोर्ड से कोई ठोस सूचना नहीं मिली है। अमृत भारत ट्रेन की योजना है, लेकिन अंतिम निर्णय बोर्ड की स्वीकृति के बाद ही होगा। वंदे भारत को सुबह के समय चलाने की योजना थी, लेकिन समय तय नहीं हो पाया है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: