


नवगछिया : नई दिल्ली के नोएडा स्थित मारवाह स्टूडियो परिसर में इंटरनेशनल चैंबर ऑफ मीडिया एंड एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री (ICMEI) द्वारा आयोजित 14वें ग्लोबल फेस्टिवल ऑफ जर्नलिज्म, नोएडा 2026 में देश-विदेश से आए पत्रकारों, मीडिया विशेषज्ञों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में आईसीएमईआई के प्रेसिडेंट एवं एएएफटी यूनिवर्सिटी ऑफ मीडिया एंड आर्ट्स के चांसलर डॉ. संदीप मारवाह, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व लोकसभा सांसद तीरथ सिंह रावत, न्यूज़पेपर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव डॉ. विपिन गौर, डीपीआर कोरिया दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन जांग जोंग ह्वान, सर्टिफाइड इंटरनेशनल मैनेजमेंट कंसल्टेंट एवं कोच डॉ. अमित पारेन्जा, ब्रह्माकुमारी संस्था से बीके हुसैन दीदी तथा श्री किम मयोंग चोल सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान देशभर से चयनित कुल 14 पत्रकारों एवं संपादकों के बीच जीएस न्यूज़ के संपादक बरुण बाबुल को उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए “ग्लोबल एक्सीलेंस अवार्ड 2026 ” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान मीडिया क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान और सक्रिय पत्रकारिता को देखते हुए प्रदान किया गया।
आयोजकों के अनुसार, ग्लोबल फेस्टिवल ऑफ जर्नलिज्म का उद्देश्य पत्रकारिता के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले पत्रकारों को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करना तथा मीडिया के माध्यम से सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देना है। समारोह में मीडिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
वही सम्मान मिलने पर नवगछिया के बुद्धिजीवी, पाठकों, परिवार के सदस्यों नें शुभकामनाएं दी हैं ।













