



नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत गोपालपुर प्रखंड के गोसाईं गांव निवासी सह गोसाईं गाँव ग्राम कचहरी के सरपंच सियाशरण यादव के बड़े पुत्र सुमित कुमार ने साइंटिस्ट की परीक्षा में सफलता हासिल कर गाँव का नाम रोशन किया है। उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 29 प्राप्त करते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (Ministry of Electronics and Information Technology) में असिस्टेंट साइंटिस्ट के पद पर चयनित होकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

सुमित कुमार की माता नूतन देवी वर्ष 2006 से 2016 तक सरपंच रहीं, जबकि उनके पिता सियाशरण यादव वर्ष 2016 से अब तक गोसाईं गांव के वर्तमान सरपंच हैं। पारिवारिक रूप से सामाजिक सेवा और जनप्रतिनिधित्व की पृष्ठभूमि से आने वाले सुमित कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
सुमित कुमार की प्रारंभिक शिक्षा बाल भारती नवगछिया (हिंदी माध्यम) से नर्सरी से सातवीं कक्षा तक हुई। इसके बाद उन्होंने हाई स्कूल नवगछिया से वर्ष 2007 में दसवीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। वर्ष 2009 में उन्होंने महादेव सिंह महाविद्यालय, भागलपुर से विज्ञान संकाय में बारहवीं की परीक्षा भी प्रथम श्रेणी से पास की।

इसके बाद उन्होंने वर्ष 2009 से 2013 तक आरजीपीवी यूनिवर्सिटी, भोपाल से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। साइंटिस्ट की परीक्षा में उन्होंने चौथे प्रयास में सफलता प्राप्त की, जो उनके धैर्य, परिश्रम और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।
सुमित कुमार की इस उपलब्धि पर गोसाईं गांव सहित पूरे नवगछिया क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उनकी सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।













