



नवगछिया के गोपालपुर प्रखंड क्षेत्र में नवीन युग, नवीन नेतृत्व के संकल्प के तहत गोसाईं गाँव में जी राम जी कार्यशाला और किसानों के साथ सम्मेलन मंगलवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष मुक्ति नाथ सिंह निषाद ने की।

कार्यक्रम के संयोजक एवं पूर्व जिला महामंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि विकसित भारत–जी राम जी विधेयक, 2025 और विकसित भारत–2047 के साथ संयोजित नई सांविधिक संरचना में मनरेगा का स्थान विशेष है। रोजगार गारंटी को प्रति ग्रामीण परिवार बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है, जिससे ग्रामीणों को अधिक लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में मंडलाध्यक्ष रंजीत झा, दीपक भगत, बिक्रम सिंह, राजेश झा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष कुणाल गुप्ता, अजय कुमार गुप्ता, रजनी रमन झा, बासुकी मंडल, चंदन कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हुए। नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की खुशी में अबीर लगाकर मिठाई बांटी गई और सभी ने खुशी का प्रदर्शन किया।

जिला अध्यक्ष मुक्ति नाथ सिंह निषाद ने कहा कि बिहार की माटी के लाल, संगठन की तपस्या, संघर्ष और समर्पण से निकले 45 वर्षीय युवा एवं ऊर्जावान कार्यकर्ता का देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा का नेतृत्व संभालना न केवल बिहार के लिए बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक गौरव का विषय है।













