



भागलपुर। जिले के बवरगंज थाना क्षेत्र में गोतिया विवाद को लेकर हुए मारपीट की घटना में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
घायल विजय शाह ने बताया कि गोतिया पक्ष से जमीन विवाद काफी समय से चल रहा है। इसी क्रम में आरोपी आकाश कुमार, पिता राजेश साह ने विवाद को लेकर हमला कर दिया। पहले भी थाने में आवेदन देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद दीवार का काम करवाने के दौरान आरोपी पक्ष ने दोबारा हमला कर दिया। इस दौरान लाठी-डंडे और धारदार हथियार से प्रहार कर विजय साह, अभिनव आनंद, अमित शाह और वृद्ध महिला चिंता देवी को घायल कर दिया गया। घटना में चिंता देवी का हाथ टूट गया है।

घायलों ने बताया कि घायल अवस्था में वे पहले बवरगंज थाना पहुंचे, लेकिन थाने के अधिकारियों ने डांट-फटकार कर भगा दिया। आरोप है कि आरोपी पक्ष ने थाने में पैसा देकर प्रभाव बना लिया है, जिस कारण पुलिस सुनवाई नहीं कर रही। पीड़ित पक्ष ने यह भी बताया कि आरोपी उन्हें केस उठाने की धमकी दे रहे हैं और केस नहीं उठाने पर जान से मारने की चेतावनी भी दी जा रही है।
इसके बाद पीड़ित परिवार भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां से उन्हें आश्वासन दिया गया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलता है या नहीं।













