



भागलपुर । बिहार राज्य के प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेल विभाग, बिहार तथा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना की ओर से खेल क्लब का गठन किया जा रहा है। इसके लिए जनवरी 2025 में ऑनलाइन निबंधन पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई थी। इस निबंधन में प्रत्येक पंचायत के लिए अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष पद हेतु आवेदन लिए गए।

भागलपुर जिले में अध्यक्ष पद के लिए 165 ग्राम पंचायतों से, सचिव पद के लिए 175 ग्राम पंचायतों से तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए 29 ग्राम पंचायतों से आवेदन प्राप्त हुए थे। आवेदन के आधार पर चुनाव कर चयन किए गए। हालांकि जिले के 73 ग्राम पंचायतों में अध्यक्ष, 63 ग्राम पंचायतों में सचिव तथा 209 ग्राम पंचायतों में कोषाध्यक्ष पद के लिए कोई आवेदन नहीं आया।

इसी कारण अब पुनः निबंधन की प्रक्रिया खोली गई है। इच्छुक खिलाड़ी, प्रशिक्षक या खेल प्रेमी (आयु 14 से 45 वर्ष) 12 सितंबर 2025 तक पोर्टल लिंक https://club.biharsports.org/ पर ऑनलाइन निबंधन कर सकते हैं। यदि किसी पंचायत में एक से अधिक आवेदन आते हैं तो चयन चुनाव के माध्यम से किया जाएगा।
सबौर प्रखंड के ग्राम पंचायत बरारी, लोदीपुर और शंकरपुर में अध्यक्ष पद, वहीं फ़रका, खनकित्ता, चंदेरी, परघरी, बैजलपुर, रजंदीपुर और लैलख में सचिव पद के लिए आवेदन मांगे गए हैं। कोषाध्यक्ष पद के लिए सभी पंचायतों में निबंधन की सुविधा उपलब्ध है। अन्य प्रखंडों से संबंधित सूची जिला खेल कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

इस संबंध में जानकारी जिला खेल पदाधिकारी भागलपुर जय नारायण कुमार ने दी।












