



भागलपुर: श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के तत्वावधान में उप श्रमायुक्त कार्यालय, भागलपुर में एकदिवसीय ग्रामीण प्रशिक्षण शिविर का आयोजन उप श्रमायुक्त, भागलपुर की अध्यक्षता में किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के श्रमिकों को श्रम कानूनों, सरकारी योजनाओं तथा सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था, ताकि वे अपने अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक हो सकें।

कार्यक्रम का शुभारंभ उप श्रमायुक्त, भागलपुर, श्रमाधीक्षक (योजना-सह बोर्ड), भागलपुर, श्रम अधीक्षक (अधिनियम), भागलपुर तथा उपस्थित श्रमिक प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्रशिक्षण शिविर में जिले के प्रत्येक पंचायत से एक-एक श्रमिक ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

अपने उद्घाटन संबोधन में उप श्रमायुक्त, भागलपुर ने श्रमिकों को विभिन्न श्रम कानूनों एवं श्रम संसाधन विभाग द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
इस अवसर पर सहायक श्रमायुक्त, भागलपुर ने बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए श्रमिकों को पंजीकरण, लाभ प्राप्ति की प्रक्रिया तथा उपलब्ध सुविधाओं के बारे में अवगत कराया।

प्रशिक्षण शिविर के दौरान जिले में पदस्थापित श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों ने श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी अधिनियम, समान पारिश्रमिक अधिनियम तथा बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना तथा बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना योजना के तहत मिलने वाले लाभों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन के बाद सभी प्रतिभागी श्रमिकों को एक दिन का पारिश्रमिक एवं आने-जाने का भाड़ा प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त शिविर में उपस्थित श्रमिकों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के माध्यम से श्रमिकों में सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उनके अधिकारों की जानकारी देने का सफल प्रयास किया गया।














