0
(0)

बिहपुर विधायक इं. शैलेंद्र ने किसानों संग मौके पर पहुंचकर लिया स्थिति का जायजा

भागलपुर । भागलपुर जिले के बिहपुर प्रखंड अंतर्गत जयरामपुर पंचायत स्थित गुवारीडीह पुरातात्विक टीले के समीप कोसी नदी द्वारा खेतों का कटाव तेजी से हो रहा है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए गुरुवार को बिहपुर विधायक इं. शैलेंद्र किसानों के साथ गुवारीडीह पहुंचे और स्थल निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।

विधायक इं. शैलेंद्र ने कहा कि यह क्षेत्र हर वर्ष मानसून के दौरान जलस्तर बढ़ने पर किसानों की उपजाऊ भूमि के कटाव के गंभीर खतरे में आ जाता है, जिससे कोसी तटबंध की सुरक्षा पर भी संकट उत्पन्न हो जाता है। उन्होंने कहा कि इस बार मानसून से पहले ही इसका स्थायी समाधान करना, किसानों के खेतों की रक्षा करना तथा तटबंध को सुरक्षित रखना उनकी पहली प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में कोसी की वर्तमान धारा को गुवारीडीह से पुरानी धारा बैनाडीह में स्थानांतरित करने के उद्देश्य से 18 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत से पायलट चैनल का निर्माण कराया गया था, लेकिन यह योजना पूरी तरह असफल साबित हुई। वर्तमान में उस पायलट चैनल में भारी मात्रा में गाद भर चुकी है।

विधायक ने बताया कि इस समस्या को लेकर उन्होंने बीते पांच अक्टूबर को पटना में जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव को आवेदन देकर स्थिति से अवगत कराया था। किसानों और ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही कटाव को नहीं रोका गया तो कोसी की मुख्य धारा जल्द ही कोसी तटबंध तक पहुंच सकती है, जिससे बड़ा खतरा उत्पन्न हो जाएगा।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने इस संबंध में जानकारी दी। मौके पर रूपेश रूप, सौरव कुमार, लालमोहन, सिंटू और कल्याण कुंवर सहित कई ग्रामीण किसान उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: