


नवगछिया । बिहपुर प्रखंड के बभनगामा बाजार से गुजरने वाली और तेलघी पंचायत एवं बगड़ी गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क, जो बभनगामा गांव के अरविंद कुंवर के घर के पास क्षतिग्रस्त हो गई थी, के कारण जलजमाव की स्थिति बनी रहती थी और लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस समस्या से अवगत कराते हुए बिहपुर विधायक ई शैलेंद्र को सूचित किया। सड़क की जर्जर स्थिति की जानकारी मिलने पर विधायक ने लोगों को आश्वासन दिया कि सड़क की मरम्मती का कार्य शीघ्र किया जाएगा और इसके लिए “हमारा गांव, हमारी सड़क” नामक एप का उपयोग किया जा सकता है। विधायक ने बताया कि इस एप पर कोई भी व्यक्ति सड़क की क्षतिग्रस्त स्थिति की फोटो अपलोड कर शिकायत दर्ज कर सकता है, और शिकायत दर्ज होते ही मरम्मती का कार्य तुरंत प्रारंभ हो जाता है।
विधायक के निर्देश पर बभनगामा पंचायत के राजा चौधरी ने तत्काल एप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के अगले दिन ही सड़क की मरम्मती का कार्य शुरू कर दिया गया।
सड़क मरम्मती की प्रक्रिया के तुरंत प्रारंभ होने पर बभनगामा के ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीण राजा चौधरी, गुड्डू चौधरी, पूर्व उपसरपंच सुनील राय, पंच फलटूश मंडल, बलराम यादव सहित अन्य लोगों ने कहा कि स्थानीय विधायक द्वारा बताए गए “हमारा गांव, हमारी सड़क” एप पर शिकायत दर्ज करने पर जिस तरह तत्काल मरम्मती का कार्य प्रारंभ हुआ, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद नहीं थी कि इतनी जल्दी मरम्मती कार्य होगा।
ग्रामीणों ने कहा कि एप के माध्यम से शिकायत दर्ज करने पर कार्य का तत्काल प्रारंभ होना क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत है। इसके साथ ही उन्होंने सरकार द्वारा इस एप को विकसित करने की तारीफ करते हुए कहा कि यह न केवल लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान में मदद कर रहा है, बल्कि प्रशासनिक कार्यों को भी पारदर्शी और प्रभावी बना रहा है।
इस घटना ने ग्रामीणों में विश्वास बढ़ाया है कि भविष्य में भी सड़क एवं अन्य समस्याओं के समाधान के लिए यह एप एक उपयोगी और प्रभावी माध्यम साबित होगा।












