



दहेज के लिए चार बच्चों की मां की हत्या कर शव किया लापता, ससुराल वाले फरार
नवगछिया । रुपौली विधानसभा क्षेत्र के भाव परवल गांव में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां ससुराल वालों ने दहेज के लिए चार बच्चों की मां की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गायब कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के हरनाथचक निवासी घनश्याम प्रसाद सिंह की पुत्री सीमा कुमारी के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, सीमा कुमारी की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व भाव परवल गांव निवासी पवन कुमार मंडल से हुई थी। विवाह के बाद से ही सीमा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। कई बार उसे मारपीट का शिकार भी होना पड़ा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायतें भी हुईं, लेकिन ससुराल पक्ष का अत्याचार कम नहीं हुआ।

रविवार को मायके वालों को सूचना मिली कि ससुराल वालों ने सीमा की हत्या कर दी है और शव को गायब कर दिया गया है। जब मायके पक्ष के लोग भाव परवल पहुंचे, तो घर में कोई नहीं मिला। ससुराल के सभी सदस्य फरार थे और सीमा का कोई पता नहीं चला।
मृतका के भाई रुद्र सिंह ने मोहनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इस संबंध में मोहनपुर थाना कांड संख्या 119/25 दर्ज की गई है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पवन कुमार, सुमन कुमार, भवेश कुमार — तीनों पुत्र विलास मंडल, मुरारी मंडल, विरंची मंडल, चरित्र मंडल, विलास मंडल — चारों पुत्र स्वर्गीय बच्ची मंडल, सीता देवी पति मुरारी मंडल, जितेंद्र मंडल और धर्मेंद्र मंडल — दोनों पुत्र मुरारी मंडल, राजीव मंडल और नीलेश मंडल — दोनों पुत्र चरित्र मंडल, अजय मंडल पिता विरंची मंडल एवं शुशील मंडल पिता बोतल मंडल ने मिलकर सीमा की हत्या की और शव को लापता कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने सीमा के ससुरालवालों से पूछताछ की, तो उन्होंने उल्टा गाली-गलौज की और केस दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी दी। सीमा को एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं, जो अब अपनी मां की तलाश में बेसहारा हैं।
मोहनपुर थानाध्यक्ष पुअनि मनीष कुमार ने बताया कि मामले में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम ने शव की तलाश शुरू कर दी है और आरोपितों के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी अभियुक्त घर से फरार हैं, लेकिन जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में आक्रोश है। लोग इस निर्मम हत्या को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।















