



नवगछिया:
हत्याकांड मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को विधि विरुद्ध निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खरीक थाना क्षेत्र के उस्मानपुर निवासी रामानुज दास ने पुलिस को आवेदन देकर बताया था कि गांव के मुकेश मंडल एवं 3-4 अन्य लोगों ने 10 जून को काम दिलाने के बहाने उनके पुत्र को बहला-फुसलाकर अपने साथ बांका ले गए थे। इसके दो दिन बाद इस्माईलपुर थाना क्षेत्र से उनके पुत्र का शव बरामद किया गया।

घटना के बाद इस्माईलपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने उस्मानपुर निवासी मुकेश मंडल और अनिल रिक्यासन को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मामले में संलिप्त दो नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया है।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि मजदूरी के बकाया राशि के बंटवारे को लेकर हुए विवाद के कारण घटना को अंजाम दिया गया था।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों गिरफ्तार आरोपितों को जेल भेज दिया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।















