



भागलपुर । भागलपुर की धरती रविवार को ऐतिहासिक पल की साक्षी बनी, जब हीरो एशिया कप 2025 की ट्रॉफी यहां पहुंची। बैंड-बाजे के साथ ट्रॉफी का भव्य स्वागत जिला प्रशासन, खेल प्रेमियों, स्काउट एंड गाइड के बच्चों और खेल विभाग के पदाधिकारियों ने किया।
गौरतलब है कि हीरो एशिया कप 2025 पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक बिहार के राजगीर में होने जा रहा है। यह पहला अवसर है जब बिहार इस प्रतिष्ठित एशियाई प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। इसमें चीन, जापान, ताइवान और ताइपे सहित आठ देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के विजेता को मिलने वाली ट्रॉफी को पूरे बिहार में लेकर जाया जा रहा है ताकि खेल प्रेमियों का उत्साह बढ़ाया जा सके।
भागलपुर पहुंचने पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने पदाधिकारियों और खिलाड़ियों के साथ मंच पर पूरे सम्मान के साथ ट्रॉफी को स्थापित किया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने प्रतीकात्मक रूप से हॉकी खेल का प्रदर्शन भी किया और खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि भागलपुर को हीरो एशिया कप 2025 ट्रॉफी गौरव यात्रा का हिस्सा बनने का अवसर मिला है, जो हम सबके लिए गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष एशियन चैंपियन ट्रॉफी (महिला वर्ग) 2024 के दौरान भी भागलपुर में ट्रॉफी के आगमन पर उन्होंने यह इच्छा व्यक्त की थी कि यह ट्रॉफी यहीं रह जाए, और भाग्यवश भारतीय महिला टीम के शानदार प्रदर्शन के चलते यह सपना सच हुआ। अब पुरुष एशिया कप 2025 की ट्रॉफी भी हमने सम्मानपूर्वक अपनी धरती पर उतारी है और आशा है कि यह भी भारत के नाम होगी। साथ ही, भविष्य में भारतीय टीम में भागलपुर के खिलाड़ियों को शामिल होते देखना सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।
जिलाधिकारी ने आगे कहा कि भागलपुर खेल जगत में लगातार अपनी पहचान बना रहा है। हाल ही में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के अंतर्गत राष्ट्रीय तीरंदाजी और राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन भागलपुर में किया गया था, जिसकी मेजबानी की सराहना देशभर से आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों ने की। इसमें जिले के पदाधिकारी, खेल प्रेमी, आयोजक और मीडिया का भी बड़ा योगदान रहा।
इस मौके पर अपर समाहर्ता दिनेश राम, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन कुंदन कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, पुलिस उपाधीक्षक यातायात आशीष कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मिथिलेश प्रसाद, जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार, सचिव जिला एथलेटिक संघ मो. नसर आलम, सचिव जिला वॉलीबॉल संघ अजय राय, सचिव जिला भारोत्तोलन संघ नीरज राय, क्रिकेट संघ के सुधीर मुखर्जी उर्फ मामू, बास्केटबॉल संघ के सौरभ कुमार, रग्बी संघ सचिव कुणाल कर्ण सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।













