


स्वामी आगमानंद महाराज के नेतृत्व में सैकड़ों वाहनों का काफिला, कई जगहों पर हुआ स्वागत
नवगछिया। हिन्दी नववर्ष के अवसर पर गुरुवार को श्री शिवशक्ति योगपीठ से स्वामी आगमानंद महाराज के नेतृत्व में विशाल तिरंगे के साथ भव्य नववर्ष यात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
यह यात्रा आश्रम से निकलकर पुष्प वर्षा के बीच एनएच 31 होते हुए नवगछिया जीरो माइल, फूड प्लाजा फैमिली रेस्टोरेंट, तेतरी चौक, स्टेट हाईवे मार्ग से यमुनिया, तुलसीपुर, ध्रुवगंज, खरीक बाजार होते हुए खरीक चौक के समीप आनंद वेयर हाउस पहुंचकर संपन्न हुई, जहां विश्राम के बाद आशीर्वचन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विधान पार्षद डॉ. संजीव कुमार सिंह सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
नववर्ष यात्रा में बाइक, कार और छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार देखने को मिली। सभी वाहनों पर भगवा ध्वज लहराते रहे और श्रद्धालु “हिन्दी नववर्ष मनाइए, घर-घर भगवा फहराइए” जैसे नारों से माहौल को भक्तिमय बना रहे थे।
यात्रा में कुंदन बाबा, स्वामी मानवानंद, स्वामी शिव प्रेमानंद, स्वामी जीवनानंद, पंडित प्रेम शंकर भारती सहित योगपीठ के सभी आचार्य, सेवादल के सदस्य एवं विभिन्न जिलों से आए शिष्य, श्रद्धालु और अनुयायी शामिल हुए।
आनंद वेयर हाउस में आयोजित कार्यक्रम में स्वामी आगमानंद महाराज ने हिन्दी नववर्ष के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए इसके प्राकृतिक आधार और सांस्कृतिक महत्व की व्याख्या की। उन्होंने सभी से इस नववर्ष को धूमधाम से मनाने की अपील की।
पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में उत्साह, श्रद्धा और सांस्कृतिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।















