


भागलपुर । होली एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर भागलपुर के समीक्षा भवन में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, शांति समिति के सदस्यों तथा जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर पर्व से संबंधित विभिन्न मुद्दों और आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं से प्रशासन को अवगत कराया। जानकारी दी गई कि होलिका दहन 3 मार्च तथा होली का पर्व 4 मार्च को मनाया जाएगा। सदस्यों ने सुझाव दिया कि अगजा (होलिका) की ऊंचाई 6 फीट से अधिक नहीं रखी जाए, क्योंकि अधिक ऊंचाई होने से सुरक्षा संबंधी परेशानियां उत्पन्न होती हैं। साथ ही नागरा चौक पर बने गड्ढे, वार्ड नंबर एक स्थित वरनी घाट के खराब प्याऊ, ललमटिया थाना क्षेत्र के दमदम चौक पर पूर्व में हुए विवाद, महाशय डेवढ़ी के पास बिजली पोल हटाने की आवश्यकता तथा साहिबगंज चौक पर सड़क मरम्मत जैसे मुद्दे भी उठाए गए। बुडको द्वारा कई स्थानों पर सड़क काटकर छोड़ देने की शिकायत भी सदस्यों ने की।
जिला शांति समिति के सदस्यों ने आश्वासन दिया कि पर्व के दिन वे स्वयं भी क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना नहीं रहेगी।
बैठक को संबोधित करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी प्रशासन और शांति समिति के बीच बेहतर समन्वय रहेगा। उन्होंने बताया कि होली के दौरान लगभग 1500 पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी तथा सभी होलिका दहन स्थलों पर पुलिस की निगरानी रहेगी। संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर लिया गया है और संभावित उपद्रवी तत्वों को बॉन्ड डाउन कराया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि डीजे बजाने एवं अश्लील गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अधिकारियों की टीम लगातार भ्रमणशील रहेगी और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से अपील की कि किसी भी घटना की सूचना तुरंत प्रशासन को दें और कानून अपने हाथ में न लें।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि रमजान का पवित्र महीना और होली का त्योहार दोनों ही आपसी भाईचारा और सद्भाव का संदेश देते हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में प्राप्त सुझावों को नगर निगम को भेज दिया गया है और आवश्यक कार्य शीघ्र कराए जाएंगे। उन्होंने यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर विशेष जोर देते हुए ट्रैफिक डीएसपी को निर्देश दिया कि शहर में कहीं भी जाम की स्थिति न बने, विशेषकर कहलगांव, घोघा और सबौर मार्ग पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान आवश्यकता पड़ने पर कुछ दिनों के लिए कार्य स्थगित रखा जाए तथा निर्माण सामग्री सड़क पर न छोड़ी जाए, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने शराब पीकर वाहन चलाने वालों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराने के भी निर्देश दिए और हाल ही में झंडापुर के समीप हुई दुर्घटना का उल्लेख करते हुए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि होली प्रेम, भाईचारा और सद्भाव का पर्व है, इसलिए लोगों को एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए त्योहार मनाना चाहिए। साथ ही अगजा स्थल के पास बिजली तारों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों को होली एवं रमजान की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अजय कुमार चौधरी, अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) राकेश रंजन, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं जिला शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।













