



भागलपुर : रेशमी शहर भागलपुर में होली के अवसर पर साहित्य और संस्कृति का भव्य संगम देखने को मिलेगा। मारवाड़ी युवा मंच भागलपुर उदय शाखा एवं सिद्ध शाखा के संयुक्त तत्वावधान में 1 मार्च, रविवार को रात्रि 9 बजे से मारवाड़ी पाठशाला मैदान में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।

प्रेस वार्ता के दौरान आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम ‘मित्र बसंत गोष्ठी होली उत्सव’ के रूप में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से ख्यातिप्राप्त कवि अपनी प्रस्तुति देंगे। मंच पर महेंद्र अजनबी, डॉ. विनीत चौहान, डॉ. संजय झाला, दिनेश देसी घी, यशदीप कौशिक, महेंद्र मधुर एवं शशि श्रेया अपनी कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।

कवि सम्मेलन में मुख्य रूप से हास्य और व्यंग्य की प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें समसामयिक विषयों पर तीखे और मनोरंजक कटाक्ष सुनने को मिलेंगे। इसके साथ ही वीर रस, गीत और ग़ज़ल की भी आकर्षक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी, जिससे कार्यक्रम का साहित्यिक रंग और भी गहरा होगा।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम को पारिवारिक वातावरण में आयोजित किया जा रहा है, ताकि हर आयु वर्ग के लोग इसमें शामिल होकर होली के सांस्कृतिक उत्सव का आनंद उठा सकें। होली के अवसर पर आयोजित यह साहित्यिक संध्या शहरवासियों के लिए यादगार साबित होने की उम्मीद है।














