



भागलपुर में होलिका दहन कार्यक्रम के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक गोपाल मंडल हाथ में हथियार लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि होलिका दहन कार्यक्रम के दौरान किसी ने यह वीडियो बनाया, जिसमें पूर्व विधायक कथित रूप से हथियार लेकर उपस्थित दिख रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होते ही मामला चर्चा का विषय बन गया और इसे लेकर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी जिला स्तर के एक वरीय पदाधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वायरल वीडियो की सत्यता क्या है तथा कार्यक्रम के दौरान जो हथियार दिखाई दे रहा है वह लाइसेंसी था या नहीं।

गौरतलब है कि इससे पूर्व भी गोपाल मंडल का नाम हथियार को लेकर विवादों में आ चुका है। विधायक रहते हुए वे मायागंज अस्पताल में भी हथियार के साथ पहुंचे थे, जिसे लेकर उस समय काफी चर्चा हुई थी।
सिटी डीएसपी अजय चौधरी ने बताया कि इस मामले में गोपाल मंडल के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













