


नवगछिया के बिहपुर में रविवार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर लौटे बॉल बैडमिंटन खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। नवगछिया पुलिस जिला बॉल बैडमिंटन संघ के संयोजन में चैंपियन खिलाड़ियों के सम्मान में भव्य रोड शो निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
राज्य प्रवक्ता सह जिला सचिव ज्ञानदेव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में बाली (इंडोनेशिया) में आयोजित इंडोनेशिया–भारत बॉल बैडमिंटन अंतरराष्ट्रीय टेस्ट श्रृंखला में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3–0 से जीत दर्ज की थी। इस विजेता टीम के खिलाड़ी और बिहपुर के विक्रमपुर निवासी सूरज कुमार के साथ अन्य अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया।
रोड शो के दौरान वर्ष 2025 में पटना में आयोजित चार देशीय प्रतियोगिता में नेपाल, श्रीलंका और भूटान को हराकर चैंपियन बनी भारतीय टीम की खिलाड़ी नवगछिया की प्रज्ञा भारती को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा वर्ष 2019 में मोतिहारी में इंडोनेशिया को 3–0 से हराने वाली भारतीय टीम के खिलाड़ी अंकित कुमार शर्मा तथा इसी वर्ष नेपाल में आयोजित टेस्ट श्रृंखला में नेपाल को 3–0 से पराजित करने वाली भारतीय टीम के खिलाड़ी राहुल कुमार को भी लोगों ने फूल-मालाओं से सम्मानित किया।
रोड शो के दौरान आम नागरिकों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का अभिनंदन करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में बिहपुर थाना एवं रेलवे पुलिस के अधिकारी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार, रेल थानाध्यक्ष सुदामा पासवान, बिहपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल के जवानों ने खिलाड़ियों का स्वागत किया।
साथ ही जिला परिषद सदस्य मोईन राईन, मुखिया मनोज लाल, पंचायत समिति सदस्य अमन आनंद, आयुष भारद्वाज, चंदन पासवान, अलखनिरंजन पासवान तथा मो. फिरोज सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए युवाओं को खेलों में आगे आने की प्रेरणा लेने की बात कही।
भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के संयुक्त सचिव सह बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव गौरी शंकर ने भी बिहपुर के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला तथा खिलाड़ियों की उपलब्धि को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया गया।












