



भागलपुर। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के बैनर तले आज से पूरे प्रदेश में इंटरमीडिएट की परीक्षा प्रारंभ हो गई है। यह परीक्षा 13 फरवरी तक चलेगी। भागलपुर जिले में इस वर्ष कुल 40 हजार 200 परीक्षार्थी इंटर की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, जिनके लिए जिले में कुल 59 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें चार आदर्श परीक्षा केंद्र भी शामिल हैं।

कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, सीनियर एसपी प्रमोद कुमार यादव एवं सिटी एसपी शैलेंद्र कुमार सिंह लगातार विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पदाधिकारियों को कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि परीक्षार्थियों को तीन स्तर की सघन जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। प्रथम पाली की परीक्षा के लिए सुबह 9:00 बजे तक ही परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया।

वहीं सीनियर एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरे जिले में सुबह 10:00 बजे के बाद किसी भी प्रकार के डीजे एवं लाउडस्पीकर बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की ओर से परीक्षा अवधि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि परीक्षा निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त ढंग से संपन्न हो सके।














