



भागलपुर। क्रिकेट प्रेमियों के लिए शहर से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। इंडियन प्रीमियर लीग की तर्ज पर भागलपुर में भागलपुर क्रिकेट लीग का भव्य आयोजन किया जा रहा है। शहर के ऐतिहासिक संडिस्क कंपाउंड मैदान में इस लीग का आगाज़ होने जा रहा है, जहां दर्शकों को क्रिकेट का जबरदस्त रोमांच देखने को मिलेगा।

भागलपुर क्रिकेट लीग में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर भागलपुर, बांका, मुंगेर सहित आसपास के जिलों के युवा क्रिकेटरों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। यह लीग स्थानीय और उभरते खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगी, जिससे उन्हें क्रिकेट के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा।

आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मैदान की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ खिलाड़ियों, दर्शकों और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि दर्शक बिना किसी परेशानी के मैच का आनंद ले सकें।
आयोजन समिति का मानना है कि बीसीएल के माध्यम से भागलपुर में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय प्रतिभाओं को नई पहचान मिलेगी। वहीं क्रिकेट प्रेमियों में इस लीग को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
विजय यादव, संयोजक, ने बताया कि बीसीएल का उद्देश्य युवाओं को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना और भागलपुर में क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
वहीं खिलाड़ी सचिन ने कहा कि इस तरह के आयोजन से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें अपने कौशल को निखारने का मौका मिलता है।















