



भागलपुर। आयुक्त, भागलपुर प्रमंडल, हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक सबौर से जीरोमाईल के बीच सड़क निर्माण कार्य के चलते उक्त रूट पर विद्यालयों के आसपास लगने वाले जाम से निजात दिलाने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। बैठक में पुलिस अधीक्षक (नगर), अनुमंडल पदाधिकारी सदर भागलपुर, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), सहायक जिला परिवहन पदाधिकारी भागलपुर, थानाध्यक्ष, बरारी/इन्डस्ट्रियल एरिया, जीरोमाईल/सबौर और विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य/प्रधानाचार्य ने भाग लिया।

बैठक में विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया गया कि सबौर से जीरोमाईल के बीच सड़क निर्माण के कार्य के दौरान तात्कालिक व्यवस्था के तहत विद्यालयों के प्रारंभ होने से एक घंटा पूर्व यानी प्रातः 06:30 बजे से 08:00 बजे तक और विद्यालय समाप्ति के समय 01:30 बजे से 03:00 बजे तक बड़े वाहनों का परिचालन उक्त रूट पर बंद रहेगा। इस दौरान सबौर से आने वाले बड़े वाहनों को विद्यालय से लगभग 1 से 1.5 किलोमीटर पहले ही रोक दिया जाएगा।

सभी विद्यालयों को निर्देश दिया गया कि वे बच्चों को छोड़ने का कार्य 10-10 मिनट के अंतराल पर करेंगे और एक ही विद्यालय के विभिन्न वर्गों के बच्चों को छोड़ने में भी 10 मिनट का अंतराल रखा जाएगा। इसके साथ ही, विद्यालयों के मुख्य प्रवेश और निकास द्वारों पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरा और वॉलंटियर की व्यवस्था की जाएगी।
प्राइवेट वाहनों से आने वाले बच्चों के अभिभावकों से संबंधित वाहन नंबर, ड्राइवर का नाम और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने को कहा गया। इसके अलावा, विद्यालय प्रबंधन को यह निर्देश दिया गया कि बच्चों को लाने और ले जाने वाले प्रत्येक विद्यालय वाहन में जीपीएस ट्रैकर और सीसीटीवी कैमरा लगाया जाए। साथ ही, वाहनों में छात्रों की देख-रेख के लिए एक शिक्षक या शिक्षिका को भी तैनात किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सभी संबंधित पदाधिकारियों को पूरे शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के निर्देश दिए गए। नगर निगम, भागलपुर प्रशासन को विक्रमशिला सेतु सहित शहर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरा को हर हाल में चालू रखने का निर्देश भी दिया गया।













