



भागलपुर : श्रावणी मेला की तैयारी के तहत जगदीशपुर अंचलाधिकारी रजनीश कुमार ने अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने अंचल गार्डों के साथ जगदीशपुर बाजार का भ्रमण किया और सभी दुकानदारों को अतिक्रमण खाली करने का सख्त निर्देश दिया।
सीओ ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि जो भी दुकान मुख्य सड़क या नाले पर अवैध रूप से लगी हुई है, उसे तुरंत हटा लें। अन्यथा प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी और अतिक्रमण बलपूर्वक हटाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि भागलपुर से बासुकीनाथ की ओर जाने वाले कांवरियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सड़क मार्ग को अतिक्रमणमुक्त बनाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष श्रावणी मेला के अवसर पर भागलपुर गंगा घाट से लाखों की संख्या में श्रद्धालु कांवर लेकर पैदल यात्रा करते हुए बासुकीनाथ जलाभिषेक के लिए जाते हैं। इन्हीं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारी की जा रही है।













