



नवगछिया अनुमंडल के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जहांगीरपुर बैसी में मुहर्रम पर्व शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पारंपरिक ताजिया जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
जुलूस के दौरान युवाओं ने लाठी, भाला और तलवार से अपनी-अपनी कला का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। वहीं, सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा। रंगरा थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र का भ्रमण किया और पूरे कार्यक्रम की निगरानी ड्रोन कैमरे से की गई।

स्थानीय समाजसेवी शहाबुद्दीन राज ने बताया कि इस सफल आयोजन में सभी गोल के खलीफा, लाइसेंसी खलीफा अब्दुल गफ्फार, नियाज़ अख्तर और मुखिया प्रतिनिधि अताबुल हक का विशेष योगदान रहा। उन्होंने सभी ग्रामीणों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सभी ने आपसी सहयोग से पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।
प्रशासन व ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से मुहर्रम का यह आयोजन सौहार्द, अनुशासन और सांप्रदायिक एकता का प्रतीक बनकर सामने आया।













