


रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
नवगछिया। जमीन बेचने के नाम पर करीब 20 लाख रुपये हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में खरीक थाना क्षेत्र के लोकमानपुर निवासी अमित कुमार साह ने नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दर्ज प्राथमिकी में नवगछिया के मनियामोर निवासी विमलेंद्र विमल और उनकी पत्नी विभा सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया है।
पीड़ित अमित कुमार साह ने पुलिस को बताया कि विमलेंद्र विमल ने 22.89 डिसमिल जमीन बेचने के लिए 32 लाख 55 हजार रुपये में एग्रीमेंट किया था। इसके बाद उन्होंने फोन पे और नकद के माध्यम से कुल 26 लाख रुपये दे दिए।
आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी ने केवल 17 धूर जमीन की रजिस्ट्री कराई, जिसकी कीमत करीब पांच लाख 37 हजार रुपये होती है। पीड़ित का कहना है कि शेष जमीन की रजिस्ट्री नहीं की जा रही है और न ही दिए गए रुपये वापस किए जा रहे हैं।
पीड़ित के अनुसार आरोपी के पास करीब 20 लाख रुपये बाकी हैं। रुपये मांगने पर आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित ने आशंका जताई है कि रुपये हड़पने के लिए आरोपी उसकी हत्या भी करवा सकते हैं।
मामले में नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।















